स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन
पीएम मोदी एक अगस्त को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में छात्रों से होंगे रूबरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अगस्त को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के ग्रैंड फिनाले में शाम सात बजे छात्रों से रूबरू होंगे। पीएम हर साल हैकॉथान में सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर से समस्याओं के तकनीकी समाधान दिए जाने के मौके पर छात्रों से सीधे बात करते हैं। इस दौरान छात्रों को आत्मनिर्भर भारत के तहत अधिक से अधिक तकनीक इजाद करने को भी प्रोत्साहित करेंगे।
मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में सोमवार को एआईसीटीई अधिकारियों के साथ ग्रैंड फिनाले की तैयारियों पर बैठक हुई। एक से तीन अगस्त के बीच स्मार्ट इंडिया हैकॉथान 2020 का ग्रैंड फिनाले होगा।
इसमें देशभर से चयनित दस हजार छात्रों की टीम 243 समस्याओं का तकनीक से समाधान निकालेंगी। प्रतियोगिता के चौथे संस्करण में 4.5 लाख प्रतिभागियों ने भाग लिया था। पहले स्तर की स्क्रीनिंग कॉलेज स्तर में जनवरी में हुई। इसके आधार पर विजेता टीमों की राष्ट्रीय स्तर पर विशेषज्ञों और मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा स्क्रीनिंग की गई। इस स्क्रीनिंग में चयनित दस हजार छात्र ग्रैंड फिनाले में भाग ले रहे हैं।
तीन विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
प्रतियोगिता के तीन विजेता होंगे। पहले विजेता को एक लाख रुपये, दूसरे को 75 हजार रुपये तो तीसरे को 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा प्रत्येक समस्या के समाधान पर एक लाख रुपये का पुरस्कार भी मिलेगा।
अब तक हैकाथॉन में लगभग 331 प्रोटोटाइप विकसित किए गए हैं। इसमें 71 स्टार्टअप बन रहे हैं और 19 स्टार्टअप सफलतापूर्वक पंजीकृत हो चुके हैं। इसके अलावा, विभिन्न विभागों में 39 समाधानों को उपयोग में लाया जा चुका है और लगभग 64 संभावित समाधानों को आगे के विकास के लिए वित्तपोषित किया गया है।
Comments
Post a Comment